गिरिडीह में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो ने सनसनी मचा दी है। वीडियो में युवक ने झारखंड के नगर विकास व उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को 24 घंटे के अंदर बम से उड़ाने की धमकी दी है। वीडियो में युवक ने खुद की पहचान गिरिडीह निवासी अंकित कुमार मिश्रा के रूप में बताई है। उसने दावा किया है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। युवक ने कहा कि इन मंत्रियों से पर्सनल कुछ मामला है। वो माफी मांग लेंगे तो कुछ नहीं करूंगा। वीडियो में युवक ने यह भी बताया कि उसने अपने परिवार को बचाने के लिए लिखित में दे दिया है कि उसकी कार्रवाई से उसके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है। गिरिडीह के एसपी डा. विमल कुमार ने बताया कि मंत्रियों को धमकी देने संबंधित प्रसारित वीडियो में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि उसने ऐसा वीडियो क्यों बनाया और इसके पीछे उसका मकसद क्या था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धमकी देनेवाला गिरिडीह का ही है। बिश्नोई गिरोह से कनेक्शन की भी जांच हो रही है। धमकी देने वाला युवक अंकित कुमार मिश्रा गिरिडीह के बाभनटोली झगरी का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक ने स्वयं यह वीडियो बिहार के जमुई से जारी कराया है। जारी वीडियो में कहा है कि नगर विकास मंत्री के कुछ लोगों ने जमीन के मामले में उसकी पिटाई की थी। वह केवल तब शांत होगा, जब उससे माफी मांगी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री से दुश्मनी व्यक्तिगत कारणों से बताई गई।